राष्ट्रीय स्तर पर हुआ ऑनलाइन वेबिनार

फोरम से जुड़ी अधिकांश एनजीओ को अब केंद्र सरकार के आधिकारिक पोर्टल ‘दर्पण’ पर मान्यता प्राप्त हो चुकी है
ब्रह्मोस न्यूज कुड़ेकेला। “सोशल फोरम ऑन ह्यूमन राइट्स” ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है। आईटी सेल के निदेशक वरुण चौहान के सतत प्रयासों से फोरम से जुड़ी अधिकांश एनजीओ को अब केंद्र सरकार के आधिकारिक पोर्टल ‘दर्पण’ पर मान्यता प्राप्त हो चुकी है। इस उपलब्धि की घोषणा रविवार संध्या आयोजित राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन वेबिनार में की गई।
वेबिनार की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम सिंह चौहान ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय महासचिव वाहिद सिद्दीकी ने किया। अध्यक्ष ने जानकारी दी कि फोरम द्वारा विगत पाँच वर्षों का लेखा-जोखा, वार्षिक ऑडिट रिपोर्ट एवं सामाजिक गतिविधियों से संबंधित दस्तावेज पंजीयक को प्रस्तुत किए गए थे, जिसके बाद ‘दर्पण’ पोर्टल में पंजीयन की प्रक्रिया पूरी हुई।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से पदाधिकारियों एवं सदस्यों में उत्साह की लहर दौड़ गई और सभी ने वरुण चौहान के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष ने आगे बताया कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में संगठन की गतिविधियाँ सक्रिय रूप से संचालित हो रही हैं। फोरम अब आजीवन सदस्यता भी प्रदान कर रहा है, जिसके अंतर्गत पात्र सदस्यों को आगामी जनरल काउंसिल बैठक में ‘ग्रीन टोकन’ दिया जाएगा, जो एक सम्मानचिह्न के रूप में उनकी जेब में रहेगा।
प्रादेशिक निर्देश एवं भविष्य की योजनाएं
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विभिन्न राज्यों के प्रादेशिक अध्यक्षों एवं महासचिवों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक माह नियमित बैठकें आयोजित करें और प्रदेश स्तरीय बैंक खाते शीघ्र खुलवाएं। साथ ही, जिन सदस्यों ने अब तक सदस्यता शुल्क नहीं दिया है, उनसे अगले 15 दिनों के भीतर शुल्क जमा करने का अनुरोध किया गया।
राजस्थान के प्रादेशिक अध्यक्ष गणेश शर्मा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए बताया गया कि दो माह बाद राजस्थान में अगली जनरल काउंसिल बैठक आयोजित की जाएगी।
वार्षिक पत्रिका ‘सफर’ हेतु सामग्री आमंत्रित
फोरम की वार्षिक पत्रिका ‘सफर’ के आगामी अंक हेतु सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से समसामयिक लेख, आलेख, रिपोर्ट एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी (फोटोग्राफ्स सहित) भेजने की अपील की गई है, ताकि योग्य सामग्री को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया जा सके।
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में हो रही सामाजिक गतिविधियों की विशेष सराहना करते हुए देश के अन्य राज्यों में भी इसी प्रकार की सक्रियता लाने का आह्वान किया गया।
उपस्थित प्रमुख पदाधिकारीगण
इस ऑनलाइन वेबिनार में छत्तीसगढ़ अध्यक्ष गनपत चौहान, उत्तर प्रदेश महासचिव अमित पाण्डेय, महाराष्ट्र महासचिव सफदर सिद्दीकी, दिल्ली-एनसीआर अध्यक्ष रविन्द्र तोमर, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी राम बाबू चतुर्वेदी, आईटी सेल निदेशक वरुण चौहान, महाराष्ट्र जिला अध्यक्ष आशुतोष पाटिल, नेशनल एक्सक्यूटिव मेंबर पंकज सिंह,प्रभात कुमार छत्तीसगढ़ के मीडिया प्रभारी बुधराम अग्रवाल और छत्तीसगढ़ के कोषाध्यक्ष जितेन्द्र केसरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय महासचिव वाहिद सिद्दीकी द्वारा प्रस्तुत आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।




